प्रयागराज (राजेश सिंह)। काफी समय से प्रतापगढ़, प्रयागराज समेत कई जिले में होरोइन की सप्लाई कर रहे एक तस्कर को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने दबोच लिया है। गिरफ्तार तस्कर रिजवानुर्रहमान के पास से एक करोड़ एक लाख रुपये की हेरोइन, मोबाइल और नकदी बरामद हुई है। अभियुक्त रिजवानुर्रहमान बाराबंकी जिले के कुशुंभी कोठी का रहने वाला है। एएनटीएफ ने मंगलवार को उसे प्रतापगढ़ के देल्हूपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार करते हुए कार्रवाई की।
बताया गया है कि प्रयागराज और आसपास के जिले में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों के बारे में एएनटीएफ की टीम जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान पता चला कि बाराबंकी का एक व्यक्ति भी दूसरे प्रदेश से हेरोइन मंगवाकर अलग-अलग स्थान पर लोगों को पहुंचाता है।
मंगलवार को एएनटीएफ प्रभारी सत्येंद्र प्रधान टीम के साथ प्रतापगढ़ पहुंचे। फिर वहां देल्हूपुर थाने के दारोगा राधेश्याम यादव की टीम के साथ गजेहड़ा जंगल के पास घेरेबंदी करके तस्कर रिजवानुर्रहमान को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 503.60 ग्राम हेरोइन (अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ एक लाख), मोबाइल और नकदी बरामद की गई।
पूछताछ में पता चला कि रिजवानुर्रहमान का बेटा हेरोइन के साथ प्रयागराज में गिरफ्तार होकर जेल गया था। बेटे की पैरवी के लिए वह कचहरी आने-जाने लगा, तभी एक व्यक्ति से मुलाकात हुई। उसी के कहने पर होरेइन झारखंड से लाकर सप्लाई करने लगा था, ताकि पैरवी के लिए जरूरी पैसे का इंतजाम हो सके।
