प्रयागराज (राजेश सिंह)। एसआरएन अस्पताल में वकीलों और डॉक्टरों के बीच विवाद को लेकर सिविल लाइंस में एकलव्य चौराहे के पास बवाल हो गया। इसी बीच कुछ अज्ञात लोगों से राजकीय मुद्रणालय के कर्मचारियों से झड़प हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने मुद्रणालय पर पथराव कर दिया। इससे कार्यालय के शीशे के दरवाजे टूट गए। गेट पर खड़े वाहनों के शीशे चकनाचूर हो गए। कई बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना पाकर गर्वमेंट प्रेस के बड़ी संख्या में कर्मचारी पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों से विवाद कर लिया। इस दौरान चले पत्थर से कई वाहनों के शीशे टूट गए। सूचना पाकर सिविल लाइंस समेत कई थानों की पुलिस स्थिति को संभालने के लिए पहुंच गई।
इसी बीच एसीपी सिविल लाइंस विद्युत गोयल गश खाकर गिर पड़े। उन्हें तत्काल अस्पताल भेजवाया गया। पथराव में गर्वमेंट प्रेस गेट के सामने खड़ी वैगन आर कार के शीशे टूट गए। कार्यालय गेट के शीशे को भी पत्थर मारकर तोड़ दिया गया और यहां रखे फूलों के गमलों को तोड़ दिया गया।
