प्रयागराज (राजेश सिंह)। बंगाल और असम के चुनाओं में मिली जीत के बाद भाजपा का पूरा ध्यान उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 पर है। इसके लिए लखनऊ में मंत्रिमंडल विस्तार के साथ सांगठनिक ढांचे को कसा जा रहा। कहीं जातीय समीकरण संतुष्ट किए जा रहे तो कहीं जन आकांक्षाओं और अपेक्षाओं के मुद्दों को उछाला जा रहा है।
इसके तहत नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण विधेयक 2023) का मुद्दा उछाला जा रहा है। भाजपा विपक्ष को घेरने में जुटी है। इसी क्रम में भाजपा महिला मोर्चा ने रविवार को इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह के निवास पर घेराव किया।
भाजपा यमुनापार इकाई ने सांसद उज्ज्वल के निवास पर धरना देकर नारेबाजी की। आंदोलन का संयोजन कर रहीं शोभा द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस, सपा सहित समस्त विपक्षी दलों ने महिला विरोधी काम किया है। उन्होंने महिलाओं का अधिकार छीना है, जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। आमजन तक इस प्रकरण को ले जाकर विपक्ष का महिला विरोधी चेहरा बेनकाब किया जाएगा।
