Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

पीएम मोदी ने सिर्फ हाथ मिलाया, ट्रंप को नहीं लगाया गले

sv news

आज भारत-अमेरिका के बीच होगी द्विपक्षीय बैठक

नई दिल्ली। फ्रांस के शहर एवियन में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मंगलवार को एक संक्षिप्त मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया, लेकिन गले नहीं मिले। फिर थोड़ी देर बातचीत की।

सूत्रों के अनुसार यह मुलाकात अनौपचारिक रही, जबकि बुधवार देर शाम (भारतीय समयानुसार) दोनों नेताओं के बीच औपचारिक द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। फरवरी, 2025 में वाशिंगटन में हुई पिछली बैठक के लगभग 16 महीने बाद उनकी यह पहली आमने-सामने की मुलाकात है।

दोनों नेताओं की यह बैठक भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है। दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

प्रधानमंत्री मोदी की तरफ से पश्चिम एशिया विवाद के दौरान वाणिज्यिक जहाजों पर हमले का मुद्दा उठाए जाने की संभावना है।मौजूदा वैश्विक अनिश्चितता के काल में मोदी और ट्रंप की यह मुलाकात भारत और अमेरिका के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के संदर्भ में भी अहम मानी जा रही है।

हाल ही में दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की अगुआई में बैठक हुई है जिसमें आपसी द्विपक्षीय संबंधों को अहम बताया गया है। ट्रंप प्रशासन के दौरान यह साझेदारी काम्पैक्ट (सैन्य साझेदारी, वाणिज्य व प्रौद्योगिकी में सहयोग की संभावनाओं पर काम करने वाला) जैसी पहलों से और गति पकड़ रही है।

दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को 2030 तक दोगुना करने के लक्ष्य पर काम हो रहा है। गौरतलब है कि ट्रंप द्वारा मई, 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष को रोकने में अहम भूमिका निभाने के दावे किए जाने, अमेरिका की ओर से भारत पर दंडात्मक शुल्क लगाने और ट्रंप प्रशासन के कई अन्य कदमों से दोनों देशों के रिश्तों में भारी गिरावट आ गई थी।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की पिछले महीने भारत यात्रा के बाद दोनों देश द्विपक्षीय संबंधों को फिर से बेहतर बनाने की उम्मीद कर रहे हैं। रूबियो ने भारत को हिंद-प्रशांत को लेकर तैयार अमेरिकी नीति का ‘आधार’ बताया था।

हालांकि, ओमान तट के पास पिछले हफ्ते एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमलों में तीन भारतीय नाविकों की मौत के बाद दोनों देशों के रिश्तों में फिर से तनाव आ गया। जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री मोदी का कई अन्य वैश्विक नेताओं से भी मुलाकात का कार्यक्रम है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad