फूलपुर तहसील में सबसे ज्यादा एक लाख गाटों का नहीं हो सका है अंश निर्धारण
चार दिन के अभियान के बाद 30 जून तक किसी भी हाल में पूरी करनी है प्रक्रिया
प्रयागराज (राजेश सिंह)। जिले में सभी गाटों के अंश निर्धारण के लिए आज यानी सोमवार से चार दिन तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए एक एडीएम तथा आठ एसडीएम और इतने ही तहसीलदार लगाए गए हैं। अभियान के दौरान जिन गांवों में प्रगति धीमी है, उन्हें प्राथमिकता पर अंश निर्धारण का कार्य तेजी से पूरा कराया जाएगा।
एडीएम नजूल व सीआरओ संजय कुमार पांडेय ने बताया कि लगभग 81 प्रतिशत अंश निर्धारण का कार्य पूरा हो चुका है। जनपद में कुल 3178 राजस्व ग्राम हैं, जबकि कुल 25016 मजरे हैं, जिनमें 2042720 कुल गाटें हैं। अभी तक जिले में 1633547 गांटों का अंश निर्धारण हो चुका है। राजस्व परिषद के निर्देश पर जनपद में अंश निर्धारण की प्रक्रिया को तेज करने के लिए यह अभियान चलाया जाएगा।
जिले में अभी तक चार लाख गाटों का अंश निर्धारण नहीं हो सका है। पूरी प्रक्रिया 30 जून तक किसी भी हाल में पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि जिन गावों में अंश निर्धारण नहीं हो सका है, उनकी सूची बनाई जाए। बताया कि अभी 2108 गांवों में अंश निर्धारण की प्रक्रिया चल रही है। फूलपुर में अभी लगभग एक लाख गाटों का अंश निर्धारण शेष है। गाटों के अंश निर्धारण से पारिवारिक विवाद तथा राजस्व वाद पर नियंत्रण हो सकेगा।
तहसील कुल गाटा शेष गाटे
फूलपुर 345279 242581
हंडिया 410382 347902
करछना 225654 179248
मेजा 253733 207584
सोरांव 348566 309902
बारा 181448 42995
कोरांव 186266 149244
सदर 91397 60957
योग 2042725 402312
