प्रयागराज (राजेश सिंह)। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। इस बार मानसून अपने तय समय से करीब नौ दिन की देरी से शहर में पहुंचने की संभावना है। सामान्यतः प्रयागराज में मानसून 20 से 22 जून के बीच दस्तक दे देता है, लेकिन इस वर्ष इसके एक जुलाई के आस-पास पहुंचने का अनुमान है। इसके बाद अच्छी बारिश की संभावना है।
हालांकि मानसून के आगमन से पहले संगम नगरी में आग बरस रही है। रविवार को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर भीषण गर्मी के साथ उमस के हालात बने रहे। वहीं न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक रहा।
उधर, प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने से वातावरण में नमी लगातार बढ़ रही है। आर्द्रता का स्तर सुबह 70 प्रतिशत तक पहुंच रहा है, जो मानसून से पहले होने वाली गतिविधियों का संकेत है। बढ़ी हुई नमी के कारण लोगों को गर्मी के साथ उमस का भी सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार सोमवार यानी 29 जून को मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है और दो दिनों में ही इसके प्रयागराज में पहुंचने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अब आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे तथा एक-दो स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
दो जुलाई को आसमान बादलों से ढंका रहेगा और कई स्थानों पर बारिश की संभावना है। तीन जुलाई से बारिश की गतिविधियां और तेज होने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान घटकर 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
यदि मानसून अनुमानित समय पर प्रयागराज पहुंचता है तो जुलाई के पहले सप्ताह से नियमित वर्षा का दौर शुरू हो सकता है। इससे न केवल लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी बल्कि किसानों के लिए खरीफ फसलों की बुवाई का रास्ता भी आसान होगा।
