प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुनानगर के बारा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। हरदी गांव में खेत की सिंचाई के लिए ट्यूबवेल चलाते समय करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हरदी गांव निवासी 61 वर्षीय विनोद कुमार बिंद पुत्र स्व. बिहारी लाल रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे खेत में ट्यूबवेल से सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान कटे हुए बिजली के तार की चपेट में आ गए। पिता को करंट की चपेट में तड़पता देख बड़ा बेटा 35 वर्षीय धनु कुमार बिंद उन्हें बचाने के लिए दौड़ा तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। कुछ ही देर में पिता-पुत्र अचेत होकर गिर पड़े।
कुछ दूरी पर दूसरे खेत में मौजूद परिवार के लोग उनकी चीख सुनकर वहां पहुंचे। उन्होंने बांस की मदद से किसी तरह दोनों को करंट से अलग किया और आनन-फानन जसरा के निजी चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। विनोद कुमार बिंद के छोटे पुत्र रवि कुमार बिंद ने पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया कटे बिजली तार की चपेट में आने से हादसा होने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विनोद कुमार बिंद और उनके बड़े पुत्र धनु कुमार बिंद ही परिवार की आर्थिक रीढ़ थे। छोटे बेटे रवि सहित एक बहन की शादी अभी बाकी है। एक तरफ अब जहां रवि पर पारिवारिक जिम्मेदारी आ गई है, वहीं धनु कुमार बिंद की पत्नी पुष्पांजलि, उसके दो बेटे विवेक और आयुष, पुत्री अनुप्रिया की रो-रो कर हालत खराब है। परिवार के सामने बच्चों की शिक्षा, भरण-पोषण और भविष्य की चिंता सबसे बड़ी चुनौती बनकर खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, सरकारी योजनाओं का लाभ और बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था कराने की मांग की है।
