प्रयागराज (राजेश सिंह)। मेजा तहसील में फर्जी रिपोर्टिंग के मामले में नौ कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस की शिकायतों को बिना मौके पर जांचे 'निस्तारित' दिखाने वाले इन कर्मचारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। यह मामला तब सामने आया जब जिलाधिकारी ने गोपनीय तरीके से 17 जिला स्तरीय अधिकारियों को 51 मामलों की जांच के लिए भेजा। जांच में पाया गया कि 10 मामलों में कर्मचारियों ने मौके पर जाए बिना ही शिकायतों को 'सुलझा हुआ' दर्शा दिया था। इन कर्मचारियों में पांच लेखपाल शामिल हैं। जिन कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई है, उनके नाम अंकित, अमरनाथ, दिलीप, शिव चंद, चंद्रशेखर, सब-इंस्पेक्टर अभिनव उपाध्याय, सचिव भाग्यभूषण, डॉ. राकेश कुमार और पंचायत अधिकारी विकास जायसवाल हैं। सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। इस घटना के बाद प्रयागराज के प्रशासनिक महकमे में सतर्कता बढ़ गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे भविष्य में ऐसी किसी भी अनियमितता से बचें और केवल सत्यापित रिपोर्ट ही प्रस्तुत करें ।
