मिर्जापुर (राजेश सिंह)। लालगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात एक दस माह के बच्चे के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद बच्चे को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। एक गांव में शनिवार रात करीब नौ बजे एक व्यक्ति की पत्नी अपने दस माह के बच्चे के साथ सो रही थी।
इसी दौरान पट्टीदारी का 22 वर्षीय एक युवक बच्चे को गोद में उठाकर घर से दूर नदी किनारे ले गया। नदी किनारे कुछ ग्रामीण टुल्लू पंप चलाकर धान की नर्सरी की सिंचाई कर रहे थे। उन्होंने मोबाइल टॉर्च जलती देखी तो पास गए। एक युवक को बच्चे के पास पाया, जबकि बच्चा जोर-जोर से रो रहा था। ग्रामीणों ने बच्चे के पिता के घर जाकर इसकी सूचना दी।
लोगों को आता देख आरोपित युवक बच्चे को वहीं छोड़कर भाग गया। स्वजनों ने देखा कि बच्चे के शरीर से खून बह रहा था, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। बच्चे के शरीर पर गहरा घाव हो गया है। बच्चे के पिता ने बताया कि उसकी हालत नाजुक है, लेकिन इलाज शुरू हो गया है। चिकित्सक ने तीन से चार दिन में स्थिति सामान्य होने का भरोसा दिया है। स्वजन ने बताया कि आरोपित के खिलाफ रविवार देर शाम तक थाने में प्रार्थना पत्र दिया जाएगा। पीड़ित बच्चे के पिता ने पुष्टि की कि बच्चे का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
