मिर्जापुर (राजेश सिंह)। आप नौकरी की तलाश में भटकने की बजाय खुद का उद्योग खड़ा कर रोजगार देने वाले उद्यमी बनना चाहते हैं तो यह खबर आपके लिए किसी सुनहरे अवसर से कम नहीं है। उत्तर प्रदेश सरकार ने जनपद के युवाओं, स्टार्टअप और एमएसएमई उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने का बड़ा मौका दिया है।
जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र ने मिनी औद्योगिक आस्थान खेमईपुर घाटमपुर में उपलब्ध तीन औद्योगिक भूखंडों की ई-नीलामी शुरू कर दी है।
संयुक्त आयुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि औद्योगिक भूखंड मिलने के बाद उद्यमी अपनी उत्पादन इकाई स्थापित कर सकेंगे। इससे न केवल स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर नए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि नए उद्योग लगने से जिले की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार मिलेगी और रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों की ओर पलायन करने वाले युवाओं के लिए अपने जिले में ही बेहतर संभावनाएं तैयार होंगी।
जिले में लंबे समय से नए निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की मांग की जा रही थी। ऐसे में ई-आक्शन के माध्यम से औद्योगिक भूखंडों का आवंटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उम्मीद है कि बड़ी संख्या में उद्यमी इस अवसर का लाभ उठाकर मीरजापुर में औद्योगिक विकास की नई कहानी लिखेंगे। इच्छुक युवा, उद्यमी या व्यापारी उद्योग स्थापना के लिए निर्धारित दर व प्रारंभिक मूल्य के अनुसार जेम पाेर्टल पर अपना पंजीयन कराते हुए संबंधित विभाग से जानकारी ले सकते हैं।
