Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज: एक्सप्रेस ट्रेन में 15 तोला सोना और 50 हजार रुपए कैश चोरी, जांच में जुटी पुलिस

SV News
पुलिस सांकेतिक फोटो 

प्रयागराज (राजेश सिंह)। मुंबई से गोरखपुर जा रही एलटीटी गोरखपुर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15017) के एसी कोच में चलती ट्रेन के भीतर लाखों की चोरी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शातिर चोरों ने न केवल महिला यात्री के कीमती गहने और नकदी साफ कर दिए, बल्कि पुलिस की ट्रैकिंग से बचने के लिए उनका मोबाइल फोन 'फ्लाइट मोड' पर डालकर ट्रेन के बाथरूम में छिपा दिया। पीड़िता की शिकायत पर जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) प्रयागराज ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुंबई के चेम्बूर (सालिटेयर बिल्डिंग) की रहने वाली अनीता पाठक अपने परिवार के साथ ट्रेन के कोच संख्या ए टू की सीट नंबर तीन पर यात्रा कर रही थीं। ट्रेन को सुबह 07:50 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचना था। लेकिन सुबह करीब पांच बजे जब महिला की अचानक नींद खुली, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
सीट के पास रखा उनका कीमती पर्स गायब था। महिला ने तुरंत शोर मचाया, जिससे कोच में खलबली मच गई और सहयात्री भी मदद के लिए इकट्ठा हो गए।
काफी खोजबीन के बाद ट्रेन के बाथरूम में महिला का पर्स टंगा हुआ मिला। जब पर्स को खोला गया, तो चोर की चालाकी देखकर सब हैरान रह गए। चोर ने पकड़े जाने के डर से महिला के मोबाइल फोन को 'फ्लाइट मोड' पर डाल दिया था ताकि कोई कॉल न कर सके, लेकिन पर्स के भीतर रखे करीब 15 तोले के सोने के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद पूरी तरह गायब थे।
मामले में जीआरपी का कहना है कि घटना स्थल जबलपुर है, इसलिए केस जबलपुर जीआरपी को ट्रांसफर किया जाएगा। आगे की जांच वहीं होगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad