प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के हंडिया थाना क्षेत्र के बगहां गांव के सामने वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला शिक्षामित्र की मौके पर ही मौत हो गई। उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा शनिवार को सुबह सात बजे हुआ। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने चालक समेत ट्रक को हिरासत में ले लिया है।
वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर गांव निवासी रीता देवी (42) गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में बतौर शिक्षामित्र तैनात थीं। शनिवार को तड़के वह पति अरविंद पटेल के साथ बाइक से शिक्षा निदेशालय प्रयागराज के लिए निकली थीं। सुबह करीब सात बजे हाईवे पर हंडिया के बगहां के सामने पहुंचने पर वाराणसी की ओर से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
इसके बाद अनियंत्रित होकर दंपती सड़क पर गिर गए। ट्रक रीता देवी को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे अरविंद गंभीर रूप से चोटिल हो गए। घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई। घायल अरविंद को तत्काल अस्पताल भेजवाया गया। पुलिस ने झारखंड निवासी चालक संजय यादव को ट्रक समेत हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रीता को एक बेटी प्रगति (18) और बेटा आदित्य (15) है।
