प्रयागराज (राजेश सिंह)। नैनी स्थित अरैल घाट पर गणपति विसर्जन को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नैनी के अलग-अलग इलाकों से गणेश प्रतिमाओं के साथ बड़ी संख्या में लोग डीजे और गाजे-बाजे के साथ घाट पहुंचे। ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते विसर्जन यात्रा में शामिल हुए।
एडीए, महेवा, डांडी, गंगोत्री नगर, मोहब्बतगंज समेत आसपास के इलाकों से प्रतिमाएं लेकर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला दिनभर जारी रहा। कई स्थानों से निकली विसर्जन यात्राओं में युवा और महिलाएं डीजे की धुन पर झूमते नजर आए। घाट और आसपास के क्षेत्र में पूरे दिन भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अरैल घाट पर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। पुलिसकर्मी लगातार घाट और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी करते रहे, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे।
एसीपी करछना कुंजलता के निर्देश पर पुलिस ने भीड़ की स्थिति पर नजर रखी। चौकी प्रभारी बलिराम भी फोर्स के साथ घाट पर मौजूद रहे और श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करते रहे। पुलिस ने विसर्जन स्थल पर भीड़ अधिक जमा न हो और किसी तरह की अव्यवस्था न होने पाए, इस पर विशेष ध्यान दिया।
विसर्जन यात्राओं में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। डीजे की धुन पर नाचते-गाते लोग गणपति प्रतिमाओं को लेकर घाट पहुंचे। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश को अगले वर्ष फिर आने की कामना के साथ विदाई दी। अरैल घाट पर देर तक प्रतिमाओं के पहुंचने और विसर्जन का सिलसिला चलता रहा।

