प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के फूलपुर थाना क्षेत्र के इफको चौकी अंतर्गत ओयो होटल सुदीप में मंगलवार सुबह करीब 40 वर्षीय बैंक मैनेजर महेंद्र कुमार भारतीय संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले। होटल के कमरे में अचेत अवस्था में मिलने के बाद उन्हें सीएचसी फूलपुर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार सरायममरेज थाना क्षेत्र के लोहगजरी खानपुर डांडी के गांव निवासी महेंद्र कुमार भारतीय पुत्र राधेश्याम वह प्रतापपुर स्थित साईं समर्पण बैंक की शाखा में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि होटल के एक कमरे में महेंद्र कुमार भारतीय अचेत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही फूलपुर थाना पुलिस और इफको चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने उन्हें तत्काल सीएचसी फूलपुर पहुंचाया। सुबह करीब सात बजे चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलने पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और होटल के कमरे की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ ही होटल कर्मियों और अन्य लोगों से भी पूछताछ की।
सूत्रों के अनुसार घटना के समय होटल के कमरे में एक महिला के मौजूद होने की बात सामने आई है। पुलिस द्वारा महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी चर्चा है।
थाना प्रभारी शेषनाथ पाल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। महेंद्र कुमार भारतीय शादीशुदा थे। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
