प्रयागराज (राजेश सिंह)। जिला कचहरी परिसर से बड़ी खबर सामने आ रही है। अधिवक्ताओं ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर दिया है। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगाकर धरना शुरू कर दिया, जिससे कचहरी परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार मामला जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमा संख्या 168/2026 से जुड़ा है। अधिवक्ताओं के मुताबिक, पल्लवी सिंह नामक महिला के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि इस मामले में एक अधिवक्ता के साथ हमला भी किया गया था।
धरने पर बैठे अधिवक्ताओं का दावा है कि पल्लवी सिंह के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अधिवक्ताओं ने करीब 14 मुकदमे दर्ज होने और पूर्व में जेल जा चुकी होने का भी दावा किया है।
गिरफ्तारी न होने से आक्रोश
अधिवक्ताओं का आरोप है कि गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस द्वारा अभी तक गिरफ्तारी नहीं की गई है। इसी के विरोध में आज अधिवक्ता एकजुट होकर कचहरी में प्रदर्शन कर रहे हैं।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
फिलहाल कचहरी परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
