प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज जंक्शन पर सोमवार को मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल देखने को मिली। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर एक गर्भवती महिला ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों की मदद से एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। आरपीएफ की तत्परता से जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।
प्लेटफॉर्म पर ही शुरू हुई प्रसव पीड़ा
घटना 29 सितंबर की है। जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर उपनिरीक्षक कार्तिक मिश्रा और महिला उपनिरीक्षक उषा मौर्य गश्त पर तैनात थे। तभी उनकी नजर 28 वर्षीय बसंती नाम की महिला पर पड़ी, जो प्रसव पीड़ा से कराह रही थी और अकेली थी।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए दोनों आरपीएफ जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और महिला की मदद शुरू की। इसी दौरान महिला ने प्लेटफॉर्म पर ही एक प्यारी सी बच्ची को जन्म दे दिया।
डॉ. नूपुर ने की तत्काल मदद, मां-बच्ची स्वस्थ
आरपीएफ ने तुरंत रेलवे मेडिकल टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही डॉ. नूपुर पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और मां व नवजात की प्राथमिक जांच कर जरूरी उपचार दिया।
प्राथमिक देखभाल के बाद मां और नवजात बच्ची को एंबुलेंस से बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार मां और बच्ची दोनों पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
आरपीएफ की इस मानवीय पहल की यात्रियों और रेलवे अधिकारियों ने जमकर सराहना की है।
