प्रयागराज (राजेश सिंह)। करेली थाना क्षेत्र के करेलाबाग इलाके में लूट की सूचना से मंगलवार देर रात हड़कंप मच गया। दो युवकों ने पुलिस को सूचना दी कि बाइक सवार चार बदमाशों ने तमंचा सटाकर उनके साथ लूट की है।
युवकों ने पुलिस को बताया कि चारों बदमाश उनका मोबाइल फोन, सोने की चेन और करीब पांच हजार रुपये नकद छीनकर फरार हो गए हैं।
सूचना मिलते ही करेली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस की छानबीन में पूरा मामला ही पलट गया। जांच के बाद पता चला कि लूट की कोई घटना हुई ही नहीं है, बल्कि मामला आपसी मोबाइल लेनदेन का है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच मोबाइल को लेकर विवाद हुआ था, जिसे लूट का रूप देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को आज थाने बुलाया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
