प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुनानगर के नैनी क्षेत्र में उत्तरी लोकपुर में स्थित कांशीराम कॉलोनी के पीछे गड्ढे में भरे पानी में मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिला। उसके मुंह के अलावा शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
नैनी थाना क्षेत्र के गाजिया गांव निवासी मुर्तजा का बेटा 30 वर्षीय मोबिन चार भाइयों और तीन बहनों में दूसरे नंबर पर था। कुछ करता नहीं था। इधर-उधर घूमता रहता था। सोमवार दोपहर घर से निकला था। देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोग अनहोनी की आशंका से परेशान हो गए और उसे ढूंढने लगे। हालांकि उसका कहीं सुराग नहीं लगा।
मंगलवार सुबह करीब नौ बजे उसका शव उत्तरी लोकपुर में एक गड्ढे में भरे पानी में उतराता लोगों ने देखा। कुछ ही देर में वहां बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। इसी बीच सूचना पाकर वहां पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की और परिवार के सदस्यों को सूचना दी। बिलखते स्वजन वहां पहुंचे तो पुलिस ने उनसे पूछताछ की। उन्होंने हत्या की आशंका जताई है।
