प्रयागराज (राजेश सिंह)। मेजा थाना क्षेत्र के ग्राम अमिलिया कला, उरुवा से 10 अक्टूबर को लापता हुए 22 वर्षीय युवक कुमार गौरव उर्फ राज का शव आज हंडिया क्षेत्र के एक तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई।
मृतक के पिता कुंताल कुमार ने बताया कि उनका पुत्र लखनऊ में पढ़ाई करता था। वह 10 अक्टूबर को शाम 4 बजे प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन से लापता हो गया था, जिसकी गुमशुदगी का पोस्टर भी जारी किया गया था।
सोमवार को हंडिया पुलिस को तालाब में शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान कुमार गौरव के रूप में हुई। तलाशी में उसकी जेब से रूम की चाबी और मोबाइल बरामद हुआ है।
परिजनों ने हत्या कर शव को तालाब में फेंके जाने का आरोप लगाया है। फिलहाल हंडिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसआरएन अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, मामले की जांच जारी है।
