Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

25500 मेधावी छात्राओं को मिलेगी स्कूटी

sv news


विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों की शीर्ष पांच मेधावियों को मिलेगा लाभ

प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रदेश सरकार की रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के लाभार्थियों का चयन लगभग पूरा हो चुका है। उनके सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। प्रदेश के सभी जिलों में इसे लेकर डीएम की निगरानी में समिति गठित की गई है। पहले चरण में 25,500 छात्राओं को योजना का लाभ मिलेगा। जो छात्राएं अपने विश्वविद्यालय या महाविद्यालय में स्नातक स्तर पर शीर्ष पांच में शामिल होंगी, उन्हें ही यह गुलाबी रंग की स्कूटी दी जाएगी।

दिसंबर में स्कूटी वितरण की उम्मीद

माना जा रहा है कि दिसंबर में स्कूटी वितरण की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। उच्च शिक्षा निदेशालय से पात्र छात्राओं के चयन की प्रक्रिया पूरी करते हुए जिलाधिकारी स्तर पर सत्यापन चल रहा है। स्कूटी वितरण मंडल स्तर पर समारोह आयोजित कर किया जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से 320 करोड़ रुपये का टेंडर पहले ही हो चुका है।

विश्वविद्यालय व कॉलेज तक आवागमन में होगी सुविधा 

योजना का उद्देश्य छात्राओं के कॉलेज और विश्वविद्यालय तक आवागमन को सुगम बनाना, उच्च शिक्षा में ड्राप आउट दर को कम करना और उनमें आत्मविश्वास व आत्मनिर्भरता जगाना है। सामान्य मेधावी छात्राओं के लिए निर्धारित मेरिट से 10 प्रतिशत कम अंक पाने वाली शहीद परिवारों की मेधावी बेटियां, दिव्यांग छात्राएं और निराश्रित छात्राएं (जिनके माता-पिता में से किसी एक की मृत्यु हो गई हो) भी इसके लिए पात्र होंगी।

परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक न हो 

योजना का लाभ उन्हीं छात्राओं को मिलेगा जिनके परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक न हो। दिव्यांग छात्राओं को स्कूटी के साथ रेट्रोफिटेड स्टेबलाइजर किट भी दी जाएगी। छात्राओं को मिलने वाली स्कूटी का पंजीकरण और पांच साल का बीमा प्रदेश सरकार की ओर से कराया जाएगा। आईएसआई मार्का हेलमेट और चार लीटर पेट्रोल भी दिया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad