Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

क्रिकेटर युजवेंद्र चहल भाजपा में शामिल

sv news

राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा में विशेष सदस्य बनाए गए; 6 दिन पहले ही हरभजन को पंजाब चुनाव में जिम्मेदारी मिली

नई दिल्ली। क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने शनिवार को भाजपा जॉइन की। उन्हें पार्टी की नई नेशनल OBC मोर्चा कार्यकारिणी में ‘स्पेशल इनवाइटी’ बनाया गया है। यूपी से राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्य ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। अमरपाल OBC मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। भाजपा ने 6 दिन पहले एक और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह को पंजाब विधानसभा चुनाव में अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

चहल ने 2 अक्टूबर को रेड बॉल क्रिकेट से संन्यास लिया

चहल ने इसी साल 2 अक्टूबर को फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लिया था। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इसकी घोषणा की थी। हालांकि, उन्होंने साफ किया था कि वे वनडे और टी-20 क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। फर्स्ट क्लास क्रिकेट रेड बॉल से खेला जाता है। इसमें आमतौर पर 4 और 5 दिन के मैच होते हैं। टेस्ट क्रिकेट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेला जाता है, जबकि रणजी ट्रॉफी जैसे टूर्नामेंट घरेलू क्रिकेट का हिस्सा हैं।

घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं युजवेंद्र

अभी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में हरियाणा के लिए खेल रहे हैं। 18 नवंबर को तमिलनाडु के खिलाफ मैच में 3/16 विकेट लेकर हरियाणा को जिताया था।

T20 क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने

चहल के नाम 402 विकेट हो गए हैं। भारत के लिए सबसे ज्यादा T20 विकेट उन्हीं के नाम हैं। वे भुवनेश्वर कुमार के 366 और जसप्रीत बुमराह के 354 विकेट से आगे हैं।

IPL में पंजाब किंग्स के सदस्य हैं। IPL इतिहास के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, 188 मैच में उनके नाम 233 विकेट हैं। 2027 के लिए भी पंजाब ने रिटेन किया है।

शतरंज से क्रिकेट तक का सफर

युजवेंद्र चहल का जन्म 23 जुलाई 1990 को जींद, हरियाणा में हुआ। पिता कृष्ण कुमार चहल वकील और मां सुनीता देवी हाउस वाइफ हैं। चहल बचपन में शतरंज खेलते थे और अंडर-12 नेशनल चैंपियन बने। 2003 में ग्रीस में वर्ल्ड यूथ चेस चैंपियनशिप में भारत को रिप्रेजेंट किया, लेकिन आर्थिक दिक्कतों के चलते शतरंज छोड़ क्रिकेट चुना।

2009 में हरियाणा से फर्स्ट क्लास डेब्यू किया। 2011 में मुंबई इंडियंस से IPL शुरू हुआ, लेकिन RCB में 2014 से पहचान मिली। 2016 में इंटरनेशनल डेब्यू के बाद 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ 25 रन देकर 6 विकेट लिए। वे 2024 टी-20 वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा रहे।चहल IPL में 200 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बने। वे इस टूर्नामेंट के टॉप विकेट टेकर भी हैं।

पार्टी में स्पेशल इनवाइटी का क्या रोल

स्पेशल इन्वाइटी का मतलब, वो नेता जो कार्यसमिति का स्थाई सदस्य नहीं है, लेकिन इनका नाम विशेष लिस्ट में होता है। इन्हें बैठक में बैठने, बोलने, सुझाव देने का अधिकार होता है, लेकिन आमतौर पर पार्टी के भीतरी चुनावों में वोटिंग का अधिकार नहीं होता।

राष्ट्रीय OBC मोर्चा में 7 उपाध्यक्ष, 37 सदस्य

BJP ने शनिवार को पार्टी के OBC मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नियुक्ति की। अमरपाल मौर्य ने कहा कि ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। इसमें 7 उपाध्यक्ष, 3 राष्ट्रीय महामंत्री, 7 राष्ट्रीय सचिव और 37 राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य बनाए गए हैं।

असम के जोगेन मोहन, ओडिशा की ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश के संगम लाल गुप्ता, महाराष्ट्र के बबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली के सत प्रकाश राणा, बिहार के अर्जुन साहनी और उत्तर प्रदेश की संगीता बलवंत बिंद को मोर्चे का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

दिल्ली के गजेंद्र यादव, कर्नाटक के प्रमोद मध्वराज और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को बीजेपी ओबीसी मोर्चे का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।

हरभजन को पंजाब चुनाव में जिम्मेदारी

भाजपा ने 15 नवंबर को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए राघव चड्ढा और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह उर्फ भज्जी को प्रदेश मेनिफेस्टो कमेटी में शामिल किया गया था। यही कमेटी चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र और विजन डॉक्यूमेंट तैयार करेगी। इसी साल अप्रैल में राघव चड्ढा और हरभजन सिंह समेत आम आदमी पार्टी (AAP) के कई राज्यसभा सांसद भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा ने AAP छोड़कर आए 6 नेताओं को कमेटियों में शामिल किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad