प्रयागराज (राजेश सिंह)। करछना सेंट जॉन्स एकेडमी में शनिवार को वार्षिक खेलकूद एवं पी.टी. प्रदर्शन का आयोजन अत्यंत उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अवनीश त्रिपाठी, राज्य विधि अधिकारी, उत्तर प्रदेश सरकार एवं अध्यक्ष, लॉयर्स लीगल एड एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश उपस्थित रहे। डॉ. आस्था मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विद्यालय के निदेशक सी. वी. इन्स एवं डी. इन्स की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत भाषण एवं आकर्षक मार्च पास्ट के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने पी.टी. प्रदर्शन में अपनी प्रतिभा, अनुशासन, सामंजस्य और शारीरिक दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। पंचतत्त्वों की एकता, खेलों की लय तथा ऊर्जा और सौंदर्य की तरंगें जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
खेल प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़, 4×100 मीटर रिले, नन्हे विद्यार्थियों की मनोरंजक दौड़, कर्मचारी वर्ग की दौड़, अभिभावकों की दौड़, रस्साकशी तथा बहुप्रतीक्षित पूर्व छात्र दौड़ का आयोजन हुआ। इस अवसर पर प्रतिष्ठित मिचेल एवं मिशेल कप भी प्रदान किया गया।
एन.सी.सी. द्वारा प्रस्तुत 'एकता में शक्ति - विभिन्न दल, एक राष्ट्रीय भावना' विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ईगल हाउस ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। कार्यक्रम का समापन मुख्य अतिथि के प्रेरणादायक संबोधन, धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
