प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज शहर के सौंदर्यीकरण, वर्षा ऋतु में होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान, मेडिकल कॉलेज के आसपास वेंडिंग जोन को सुव्यवस्थित करने तथा हनुमान मंदिर में वर्षपर्यंत आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम दर्शन के दृष्टिगत मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने उपाध्यक्ष, प्रयागराज विकास प्राधिकरण ऋषिराज एवं नगर आयुक्त साईं तेजा सहित संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम मंडलायुक्त ने बालसन चौराहे पर पहुंचकर लाउदर रोड की ओर कराए जा रहे पाइपलाइन बिछाने के कार्य का जायजा लिया। वर्षा ऋतु में इस क्षेत्र में जलभराव की समस्या मुख्य रूप से जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने तथा नालों पर अतिक्रमण एवं अन्य अवरोधों के कारण उत्पन्न होती है। इसके स्थायी समाधान के लिए बालसन चौराहे से लाउदर रोड होते हुए मेडिकल कॉलेज तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य कराया जा रहा है। इससे जल निकासी की व्यवस्था सुदृढ़ होगी और भविष्य में जलभराव की समस्या का प्रभावी समाधान हो सकेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए। साथ ही, इस वर्ष वर्षा के दौरान उत्पन्न जलभराव की समस्या के वास्तविक कारणों का समुचित विश्लेषण करते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नालों पर हुए अतिक्रमण एवं जल निकासी में बाधा उत्पन्न करने वाले अन्य अवरोधों को चिह्नित कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
इसी क्रम में मंडलायुक्त ने अपने पूर्व में किए गए निरीक्षण के क्रम में मेडिकल कॉलेज चौराहे का पुनः निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वेंडर्स द्वारा अभी भी फुटपाथ को पूर्णतः अतिक्रमणमुक्त नहीं किया गया है, जिसके कारण पैदल चलने वाले लोगों को असुविधा हो रही है तथा यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि फुटपाथ को पूर्णतः अतिक्रमणमुक्त कराते हुए वेंडिंग गतिविधियों को सुव्यवस्थित एवं विनियमित करने के लिए एक समुचित कार्ययोजना तैयार की जाए। फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले वेंडर्स को वहां से हटाकर किसी उपयुक्त वैकल्पिक स्थान पर व्यवस्थित रूप से शिफ्ट कराया जाए तथा निर्धारित वेंडिंग जोन में ही वेंडिंग गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित किया जाए।
इसके उपरांत मंडलायुक्त ने हनुमान मंदिर क्षेत्र एवं कॉरिडोर के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि हनुमान मंदिर में वर्षपर्यंत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होता है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम दर्शन को ध्यान में रखते हुए मंदिर कॉरिडोर एवं गर्भगृह के शेष कार्यों को माघ मेला-2027 तक पूर्णता की ओर ले जाते हुए सभी अवशेष कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराए जाएं। इसके अतिरिक्त उन्होंने मंदिर की ओर जाने वाली अप्रोच रोड के संबंध में भी वर्षपर्यंत आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम आवागमन के दृष्टिगत सेना के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उसके चौड़ीकरण की संभावनाओं पर कार्य करने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने मंदिर के आसपास एवं सड़क के किनारे जमा गंदगी और सिल्ट की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर की ओर जाने वाली सड़क पर लगने वाले वेंडर्स को भी एक सुव्यवस्थित कार्ययोजना के तहत किसी उपयुक्त वैकल्पिक स्थान पर शिफ्ट कराते हुए व्यवस्थित करने को कहा, ताकि सड़क एवं अप्रोच रोड अतिक्रमणमुक्त रहें और श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समस्त कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
