शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता क्षम्य नहीं-जिलाधिकारी
समाधान दिवस में कुल 144 प्रकरण सुनवाई के लिए आयें, 07 प्रकरणों का मौके पर किया गया निस्तारण
प्रयागराज (राजेश सिंह)। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा शनिवार को तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर जनशिकायतों को सुनते हुए सभी सम्बंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने शिकायतों का निस्तारण समयबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने के लिए निर्देशित किया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जन-शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले बिंदुओं में से एक है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने शिकायतकर्ता का फीडबैक लेने और शिकायतों के निस्तारण से शिकायतकर्ता को संतुष्ट भी कराये जाने के लिए कहा। उन्होंने समाधान दिवस में आयें हुए वरासत, अवैध कब्जा व अन्य शिकायतों का शीघ्रता से निस्तारण किए जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने प्रार्थनापत्रों की अलग-अलग सूची बनाकर सम्बंधित को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनसमस्याओं को सुनते हुए राजस्व, पुलिस एवं अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरण की जमीनी स्तर पर जांच कर शिकायतों को गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्धता के साथ निस्तारित करने एवं प्रार्थनापत्रों की समयबद्ध जांच, कार्रवाई एवं समस्याओं के निस्तारण में विलम्ब होने पर सम्बंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस पर तहसील सदर में कुल 144 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें राजस्व विभाग से सम्बंधित 72, पुलिस विभाग 22, नगर निगम-30, अन्य विभागों की 20 शिकायतें थी, जिनमें से 07 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु सम्बंधित विभागांें के अधिकारियों को शिकायतों को आज ही प्राप्त करते हुए प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा के अन्तर्गत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंनेे सभी सम्बंधित अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा है कि शिकायतों का निस्तारण अनिवार्य रूप से निर्धारित समयसीमा के अन्तर्गत हो जाना चाहिए, जिससे शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। इस अवसर पर तहसीलदार सदर, सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
