मांडारोड, प्रयागराज (अनिल यादव)। प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र के चिलबिला बाजार में प्रयागराज-मिर्जापुर हाइवे पर शुक्रवार देर रात एक बेकाबू स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराकर करीब 4 फीट ऊपर उड़ी और विपरीत दिशा में पलट गई। हादसे में स्कॉर्पियो में सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। शनिवार सुबह 11 बजे पुलिस स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर चौकी ले आई।
बताया जाता है कि वाराणसी के रहने वाले शुभम राय, प्रदीप कुमार और ड्राइवर कौशल सिंह शुक्रवार दोपहर तिलक समारोह में शामिल होने मेजा के कैथौली गांव गए थे। देर रात करीब 12 बजे सभी घर लौट रहे थे। इस दौरान मांडा के चिलबिला इलाके में प्रयागराज-मिर्जापुर हाइवे पर गड्ढा होने के कारण स्कॉर्पियो बेकाबू हो गई।
बेकाबू स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराकर करीब 4 फीट ऊपर उड़ी और फिर जमीन पर आकर पलट गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने किसी तरह वाहन में फंसे युवकों को बाहर निकाला। तीनों युवक गंभीर रूप से घायल थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाइवे पर गड्ढों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। रात में अंधेरा होने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन चालक संतुलन खो बैठते हैं। लोगों ने हाइवे की मरम्मत कराने और गड्ढे भरवाने की मांग की है।
पुलिस ने शनिवार सुबह 11 बजे स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घायलों का इलाज चल रहा है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
