Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

एयरपोर्ट के निकट तीन गांवों के 614 काश्तकारों से पीडीए अधिग्रहीत करेगा जमीन

sv news

प्रयागराज (राजेश सिंह)। एयरपोर्ट के आसपास आधुनिक सुविधाओं से युक्त एयरो सिटी विकसित करने की तैयारी अब जमीन पर उतरने जा रही है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने इसके लिए डीपीआर तैयार करने के साथ ही टेक्निकल प्रजेंटेशन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली है।

अब तीन गांवों के 614 काश्तकारों से 400 हेक्टेयर से अधिक जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। पहले चरण में 332 और दूसरे चरण में 282 किसानों की भूमि ली जाएगी। एक हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में विकसित होने वाली यह टाउनशिप लखनऊ के गोमती नगर की तर्ज पर बसाई जाएगी। इसके लिए जमीन अधिग्रहण का नोटिफिकेशन भी जारी किया जा चुका है।

एयरो सिटी के पहले चरण में कटहुला गौसपुर, शेरपुर और जलालपुर घोसी के 332 काश्तकारों की जमीन अधिग्रहीत की जाएगी। वहीं, दूसरे चरण में कटहुला गौसपुर और शेरपुर के 282 किसानों से 102 हेक्टेयर से अधिक भूमि ली जाएगी। दोनों चरणों में अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीसरे चरण की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। पीडीए की योजना सात से आठ चरणों में पूरी एयरो सिटी विकसित करने की है। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए शासन की ओर से चार माह पहले ही 100 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की जा चुकी है। एयरपोर्ट के नजदीक विकसित होने वाली इस टाउनशिप में आवासीय भूखंडों और मकानों के साथ व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी पर्याप्त जगह होगी। हर वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजना तैयार की जा रही है। इसमें बच्चों के मनोरंजन के लिए पार्क, स्वीमिंग पूल, खेल के मैदान, शापिंग माल, स्कूल और अस्पताल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

आईटी पार्क का दायरा भी बढ़ाने की तैयारी

एयरो सिटी में प्रस्तावित आईटी पार्क का आकार भी बढ़ाया जा सकता है। अभी इसके लिए 20 हेक्टेयर जमीन प्रस्तावित है, लेकिन भविष्य की जरूरतों और निवेश की संभावनाओं को देखते हुए इसे बढ़ाकर 30 से 40 हेक्टेयर तक करने पर विचार किया जा रहा है। इससे सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी कंपनियों और रोजगार के नए अवसरों के लिए जगह उपलब्ध हो सकेगी।

एयरो सिटी को साकार रूप देने की तैयारी तेज कर दी गई है। एक से दो दिन के भीतर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। तीन गांवों के 614 काश्तकारों से दो चरणों में भूमि अधिग्रहीत की जाएगी। डीपीआर का टेक्निकल प्रजेंटेशन पूरा हो चुका है।

- विनीत कुमार सिंह, सचिव, पीडीए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad