प्रयागराज (राजेश सिंह)। डकैती, कत्ल, दुष्कर्म करने वाले नबला खरवार गैंग के 9 अपराधियों को पुलिस ने मुठभेड़ में दबोच लिया। बिहार के कुख्यात नबला खरवार गिरोह के नौ और अपराधियों को प्रयागराज पुलिस ने गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। अबकी शंकरगढ़ इलाके में पुलिस टीम का गिरोह के अपराधियों से शनिवार भोर में तकरीबन तीन बजे आमना-सामना हो गया। डकैती के इरादे से जा रहे इन खूंखार अपराधियों ने पुलिस दस्ते पर फायर झोंका तो जवाबी फायरिंग करते हुए पुलिस ने नौ डकैतों को गिरफ्तार कर लिया। यह गनीमत रही कि क्रास फायरिंग के बीच किसी को गोली नहीं लगी। नबला खरवार गिरोह के डकैत अवैध तमंचा और पिस्टल के अलावा राड, रंभा, सब्बल जैसे लोहे के खतरनाक औजार लेकर चलते हैं जिससे वे घर में घुसकर परिवार के लोगों पर घातक हमला कर मौत की नींद सुला देते हैं। ये डकैती के दौरान विरोध करने पर लोगों के गले और सिर पर खतरनाक औजार से प्रहार करते हैं। एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि बेरहम अपराधियों का यह गिरोह बिहार के कैमूर, औरंगाबाद, रोहतास, भोजपुर जनपद का है। यह गिरोह बिहार से आकर यूपी के प्रयागराज और आसपास के जनपदों में डेरा डालकर रहता है। महिलाएं रेकी करती हैं फिर गिरोह के पुरुष अपराधी रातों में वारदात करते हैं। प्रयागराज में पिछले दो साल के दौरान इस गिरोह ने घर में हत्या और लूट की कई घटनाएं अंजाम दीं। घर में डकैती के दौरान ये महिलाओं का कत्ल करने के बाद उनकी लाश से दरिंदगी करते हैं। इस गिरोह के 25 से ज्यादा डकैतों को प्रयागराज पुलिस ने पिछले दो महीने में गिरफ्तार किया है। कई डकैत पुलिस की गोली लगने से घायल हुए हैं। एसएसपी प्रयागराज का कहना है कि इस गिरोह का पूरी तरह से सफाया करने का इरादा पुलिस ने बनाया है।