प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज मे दो सगे भाई गंगा नदी में डूब गए जिससे हड़कंप मच गया। मां सहित परिजनों का रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार ननिहाल घूमने आए दो सगे भाई समेत तीन लड़के सोमवार सुबह धूमनगंज इलाके के भागलपुर घाट पर गंगा नदी में डूब गए। वहां मौजूद लोगों ने एक लड़के को बेहोशी की हालत में निकाल लेकिन दो सगे भाई डूब गए जिन्हें निकालने में लोग सफल नहीं हुए। कुछ देर बाद सूचना पाकर घटनास्थल पर धूमनगंज थाने की पुलिस पहुंची। पुलिस ने दोनों लड़कों की तलाश में गोताखोरों को लगाया। कुछ देर बाद दोनों गंगा में मिले लेकिन डूबने से उनकी मौत हो चुकी थी। शव निकले तो परिवार के लोग रोने-कलपने लगे। गाजियाबाद निवासी अरविंद दुबे नोएडा में सिविल इंजीनियर हैं। अरविंद की ससुराल धूमनगंज इलाके की गंगा बिहार कालोनी में है। इधर कुछ दिन पहले अरविंद के पुत्र आयुष (14) और निर्मल (11) का स्कूल बंद हुआ तो वह ननिहाल जाने की बात कहने लगे। कुछ दिन पहले मां के साथ दोनों यहां गंगा विहार कालोनी में ननिहाल आ गए। सोमवार सुबह आयुष और निर्मल मां और ननिहाल के एक लड़के के साथ भागलपुर गंगा घाट पर स्नान करने गए। नहाते समय तीनों लड़के गंगा में डूबने लगे। यह देखकर उनकी मां ने मदद की आवाज लगाई, जिस पर आसपास मौजूद लोग लड़कों को बचाने के लिए पानी में उतर गए। एक लड़के को निकाल लिया गया लेकिन आयुष और निर्मल गहरे पानी में डूब गए। दोनों गंगा नदी की लहरों में समा गए। धूमनगंज इंस्पेक्टर राजेश मौर्या गंगा घाट पर पहुंचे। गोताखारों और नाविकों को बुलाया गया। सभी को आयुष और निर्मल की तलाश में लगाया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आयुष और निर्मल मिले लेकिन उनकी सांस थम चुकी थी। इस घटना ने दोनों बच्चों की मां और ननिहाल वालों को बदहवास कर दिया है।