प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में आंनद भवन मे घूमने आई चेन्नई की महिला का बाइक सवार बदमाशों ने चेन छीन लिया और एक युवती का मोबाइल छीन कर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार प्रयागराज शहर के कर्नलगंज में महिला श्रद्धालु की चेन बदमाशों ने छीन ली। चेन्नई की रहने वाली शांति देवी अपने साथियों के साथ कुछ दिन पहले प्रयागराज भ्रमण पर आई थीं। वह सभी देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू व स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी यादें ताजा करने के लिए ऐतिहासिक आनंद भवन और स्वराज भवन घूमने गए। वहां से निकलने के बाद जब वह सड़क पर खड़ी थी, तभी बाइक सवार दो बदमाश पीछे से आए और झपट्टा मारकर गले से चेन लूटकर भाग निकले। चेन्नई की महिला ने शोर मचाया तो आसपास लोग इकट्ठा हो गए लेकिन किसी ने भी लुटेरों को पकड़ने का प्रयास नहीं किया। इससे बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद शांति ने कर्नलगंज थाने में तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। दूसरी घटना शहर के सिविल लाइंस में हनुमान मंदिर के निकट शनिवार की रात में हुई। बाइक सवार बदमाश एक युवती का मोबाइल लूटकर भाग निकले। शनिवार रात युवती किसी काम से सिविल लाइंस गई थी। वापस हनुमान मंदिर होते हुए घर जा रही थी। तभी घटना हुई। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने छानबीन की और बदमाशों के बारे में सुराग जुटाने की कोशिश की लेकिन पता नहीं चला। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।