प्रयागराज (राजेश सिंह)। हंडिया कोतवाली क्षेत्र के चकअब्दुल्ला गांव में भूमि की पैमाइश करने गए राजस्व विभाग के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया गया। पथराव में राजस्व टीम के कई लोगों के अलावा पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में फोर्स मौके पर पहुंच गई। हमलावरों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने कई घरों में दबिश दी। देर शाम तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी। बताया जाता है कि भूमि को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद का निस्तारण करने के लिए राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर गए थे। पैमाइश के दौरान दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। एक पक्ष के लोगों ने राजस्व विभाग के अधिकारियों और पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इससे भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही गंगापार इलाके के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। हमले में सब इंस्पेक्टर चंद्रशेखर सिंह, हेड कांस्टेबल राम प्रीत, सिपाही विजय सिंह, अभिषेक कनौजिया, महिला कांस्टेबल छाया सिंह, रंजू यादव चुटहिल हो गए। सिपाही रंजू यादव के हाथ की उंगली टूट गई। घर बनवा रहे राघव समेत परिवार की निर्मला यादव, संदीप यादव, प्रदीप यादव घायल हो गए।