प्रयागराज (राजेश सिंह)। किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित पुनीत तिवारी की तलाश तेज कर दी है। उसके मोबाइल की लोकेशन मुंबई में मिलने के बाद पुलिस की एक टीम को वहां भेजा गया है। साथ ही उसके दूसरे साथियों को पकड़ने के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उधर, सामूहिक दुष्कर्म की बजाय सड़क हादसे का मुकदमा दर्ज करने आरोप में कौंधियारा थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह को एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने निलंबित कर दिया गया। उसके विरुद्ध विभागीय जांच भी बैठाई गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता का मेडिको लीगल कराया जा चुका है। डाक्टरों की ओर से अभी रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही जांच को आगे बढ़ाते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कौंधियारा थाना क्षेत्र के एक गांव की 17 वर्षीय किशोरी से कुछ युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। साथ ही उसके नाजुक अंगों पर भी चोट पहुंचाने का आरोप है। 10 अगस्त की रात मनमानी करने के बाद युवकों ने किशोरी को सड़क किनारे फेंककर भाग निकले थे। तब पुलिस ने किशोरी को मानसिक रूप से परेशान होने की बात कहते हुए सड़क हादसे का केस दर्ज किया था, लेकिन सच्चाई का पता नहीं लगाया था। इतना ही नहीं, पीड़ित परिवार की ओर से दी गई तहरीर पर रिपोर्ट नहीं लिखी थी। पुलिस का कहना है कि मामले में पीड़िता का बयान भी बेहद अहम है। परिस्थितिजन्य साक्ष्य के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित ने बताया कि फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम को मुंबई भेजा गया है।