प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुनापार के नैनी इलाके में गुरुवार की देर रात बाइक सवार व्यवसाई की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मसाले की दुकान चलाने वाला व्यवसायी बाइक से जा रहा था। रास्ते में घेरकर बदमाशों ने कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। बदमाशों की पुलिस तलाश कर रही है। हालांकि अभी वे पकड़ से दूर ही हैं। नैनी थाना क्षेत्र में पुरानी सब्जी मंडी निवासी 28 वर्षीय अमित जायसवाल पुत्र गोलकई जायसवाल की मसाले की दुकान है। बताते हैं कि गुरुवार की रात करीब आठ बजे वह नैनी बाजार में एक व्यक्ति के साथ बाइक पर जाते दिखा था। देर रात में वह मीरजापुर रोड पर जीई कंपनी के निकट बाइक से जा रहा था। इसी बीच बदमाशों ने उसे घेर लिया और कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग जब तक वहां पहुंचते बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिस को सूचना देकर लोग अमित को तत्काल स्थानीय निजी अस्पताल ले गए। वहां गंभीर हाल देख चिकित्सकों ने शहर के स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल (एसआरएन हास्पिटल) के लिए रेफर कर दिया। इसी बीच पुलिस भी पहुंच गई। उसे एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। किन लोगों ने अमित को गोली मारी, क्या कारण था, इन सब की पुलिस वजह तलाश कर रही है। फिलहाल अभी यह नहीं पता चल सका है कि किन लोगों ने अमित को गोली मारी। फिलहाल इलाकाई पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।