विंध्याचल, मिर्जापुर (राजेश सिंह)। विंध्याचल शारदीय नवरात्र मेला की चतुर्थी तिथि पर मां विंध्यवासिनी के कुंष्माडा स्वरूप का भक्तों ने दर्शन किया। सुबह में मंगला आरती के बाद श्रृंगार स्वरूप का दर्शन पूजन करने के लिए भक्त लालायित दिखे। दर्शन पूजन का दौर दोपहर तक जारी रहा। दर्शन पूजन करने आए भक्तों ने गंगा घाट पर स्नान कर मां के दरबार की ओर रुख किया।
हाथों में नारियल, चुनरी, माला, फूल, प्रसाद लेकर कतार में लगे और अपनी बारी का इंतजार करते हुए दिखे। मां के जयकारों और घंट घड़ियाल से दरबार गुंजायमान रहा। बता दें कि विंध्याचल धाम में पहली बार विदेशी फूलों से सजावट की गई है। तरह-तरह के देसी- विदेशी पुष्पों की लड़ियों से सजा देवी धाम का भव्य नजारा देख श्रद्धालु विभोर हो रहे हैं। घाट भी जगमग रोशनी से नहा उठे हैं। फूलों से सजा मां का दरबार भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र बना।