खुद को कमरे में किया बंद, घरेलू कलह में कई दिन से बना था तनाव
प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुनापार के नैनी इलाके में मामा-भांजा तालाब के रहने वाले रितेश जायसवाल ने बुधवार दोपहर झगड़े के बाद अवैध हथियार से अपने पिता लालचंद जायसवाल और मां कुसुम देवी को गोली मार दी। मां के सीने और पिता के हाथ में गोली लगी। फायरिंग से वहां अफरा तफरी मच गई। खबर पाकर पहुंची पुलिस उन दोनों को अस्पताल ले गई। गोली मारने के बाद रितेश ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। लोग दरवाजा खोलवाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन वह गोली मारकर जान देने की धमकी देता रहा। मौके पर पुलिस मौजूद है।
पारिवारिक लोगों से पता चला है कि दो भाइयों में छोटे रितेश का कुछ दिन पहले घरवालों से कहासुनी हुई थी। तब से घरेलू कलह गहरा गई थी। बेहद तनाव का माहौल था और रितेश बात-बात पर झगड़ा कर रहा था। वह मरने मारने की बात भी कर रहा था लेकिन किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि वह ऐसी संगीन घटना कर सकता है।