मिर्जापुर (राजेश सिंह)। मिर्जापुर दीवानी न्यायालय परिसर में अपर जिला सत्र न्यायाधीश के चैंबर में शुक्रवार शाम को गाउन पहनते समय लाइसेंसी रिवॉल्वर गिरने से चली गोली से जज तलेवर सिंह घायल हो गए। मंडलीय अस्पताल में ऑपरेशन के बाद गोली निकाल ली गई। जज खतरे से बाहर हैं। मामले की जांच के लिए एसपी संतोष मिश्रा ने एडीएम शिव प्रताप शुक्ला और एएसपी सिटी की टीम बनाई है। टीम न्यायपालिका के साथ मिलकर जांच करेगी।
अपर जिला सत्र न्यायाधीश तलेवर सिंह (50) बुलंदरशहर के रहने वाले है। वह छह जुलाई 2022 को मिर्जापुर जिले में आए हैं। वह कोर्ट नंबर छह में बैठते हैं। उनके पास पॉक्सो एक्ट का अतिरिक्त चार्ज है। एएसपी सिटी श्रीकांत प्रजापति ने बताया कि जज शाम चार बजे के करीब अपने चैंबर में गाउन बदल रहे थे।
इस दौरान उनका लाइसेंसी रिवॉल्वर गिर गया। इससे गोली चल गई, जो उनके पैर में लगी। आवाज सुनकर लोग पहुंचे और जज को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। एक्सरे से पता चला कि गोली दाहिनी जांघ में फंसी है। डॉ. विकास सिंह, डॉ. राहुल, डॉ. अमित यादव और एनेस्थिसिया डॉ. नेहा सिंह ने ऑपरेशन कर गोली निकाल ली।
एएसपी सिटी और सीओ सिटी परमानंद कुशवाहा शहर कोतवाली फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। ऑपरेशन के बाद जज को भर्ती कर लिया गया। उनकी स्थिति सामान्य है। जज को शनिवार की सुबह डिस्चार्ज किया जाएगा।
एएसपी सिटी श्रीकांत प्रजापति ने कहा कि एडीजे तलेवर सिंह के गोली से घायल होने की सूचना मिली। जज के अनुसार गाउन पहनते समय चैंबर में लाइसेंसी रिवॉल्वर गिरने से गोली लगी थी। इसमें न्यायपालिका के साथ मिलकर जांच की जाएगी।