Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

समाज के हर तबके को साथ लेकर चलने वाले राजनेता थे केशरी नाथ: सीएम योगी

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी के निधन की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कैबिनेट में अपने सहयोगी जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह और उद्यमिता विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के साथ अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पहुंचे। वहां सीएम ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों को ढांढस बंधाया। सीएम ने कहा कि उनके निधन से सरलता, सहजता, विद्वता और राजनीतिक समन्वय की विचारधारा के एक युग का अंत हो गया है। इसकी भरपाई नहीं की जा सकेगी। 
सीएम रविवार की दोपहर 1:10 बजे सिविल लाइंस स्थित केशरी नाथ के आवास पहुंचे। वहां श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद उन्होंने उनके पुत्र इलाहाबाद हाईकोर्ट के अपर महाधिवक्ता नीरज त्रिपाठी, बहू कविता यादव त्रिपाठी से अकेले में बात की और ढांढस बंधाया। सीएम ने बहू-बेटे से कहा कि इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने परिजनों को हर तरह की मदद का भरोसा दिलाया।
इसके बाद कार में सवार होने से पहले सीएम ने पत्रकारों से कहा कि केशरी नाथ त्रिपाठी एक विचारवान वरिष्ठ कार्यकर्ता थे। जिस भी दायित्व को पार्टी ने उन्हें सौंपा, उसका उन्होंने सफलतापूर्वक निर्वहन किया। एक विचारधारा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, समाज के प्रत्येक तबके को साथ लेकर चलने की सामर्थ्य प्रेरणादायक रही है।
उन्होंने एक उत्कृष्ट अधिवक्ताके साथ ही संविधानविद्, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष और राज्यपाल के रूप में अपने सभी दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। सहजता, सरलता, विद्वता और राजनीतिक समन्वय का जो एक उत्कृष्ट उदाहरण उन्होंने प्रस्तुत किया है, उसके एक युग का अंत हुआ है। इससे पहले कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने भी केशरी नाथ के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए और पुष्प चक्र अर्पित किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad