करछना, प्रयागराज (दीपक शुक्ला)। प्रयागराज के यमुनानगर के करछना इलाके में आनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां रहने वाले एक शख्स की बेटी अपने प्रेमी के साथ मुंबई भाग गई थी। परिवार वाले किसी तरह बेटी को वापस घर लाए। इसके बाद पिता ने 19 वर्षीय बड़ी बेटी की गला घोंट कर हत्या कर दी। शव को गांव में ही दफना दिया गया। ग्रामीणों से घटना का पता चला तो खलबली मच गई।
पुलिस ने पिता सहित अन्य लोगों को उठाकर पूछताछ की तो ऑनर किलिंग की बात सच निकली। युवती की लाश को कब्र से बाहर निकलवाया जा रहा है। उसके बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि करछना थाना क्षेत्र के एक गांव में मुस्लिम परिवार रहता है। परिवार का मुखिया खेती करता है। उसकी दो बेटियां थीं। बड़ी बेटी 19 साल थी, जबकि छोटी की उम्र करीब 15 वर्ष बताई गई।
बड़ी बेटी का दूसरे जनपद के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बीच करीब 20 दिन पहले बड़ी बेटी अपनी छोटी बहन को लेकर मुंबई भाग गई और वहां पर कई दिनों तक प्रेमी के साथ रुकी। घर वालों ने किसी तरह पता लगाया और बेटी को वापस ले आए। शुक्रवार को पिता ने बेटियों पर हमला किया और करंट लगाया। इसके बाद बड़ी बेटी को गला घोट कर मार डाला।
शव को गांव में दफनाने के बाद ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चा हो गई। बात पुलिस तक पहुंची तो छानबीन शुरू हुई। डीसीपी यमुनानगर संतोष कुमार मीणा का कहना है कि प्रथम दृष्टया ऑनर किलिंग का मामला लग रहा है। परिवार वालों से पूछताछ की जा रही है। दफनाए गए शव को बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।