प्रयागराज (राजेश सिंह)। विधायक राजू पाल हत्याकांड के गवाह उमेश पाल की 24 फरवरी को हत्या के बाद से ही माफिया डॉन अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन फरार चल रही है। उसकी खोजबीन में पुलिस और एसटीएफ की कई टीमें लगी है, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लग सका है। यहां तक की बेटे असद, पति अतीक अहमद और देवर अशरफ के जनाने में भी शाइस्ता नहीं पहुंची। इसको लेकर लोग कई तरह की चर्चा कर रहे हैं।
अब अफवाह यह उड़ रही है कि असद को सुपुर्द ए खाक करने के बाद शाइस्ता परवीन शनिवार की भोर में असद की कब्र पर पहुंची थी। वह एंबुलेंस में बैठकर कब्र पहुंची थी, ताकि किसी को कोई शक न हो सके। उसके साथ पांच छह बुर्कानशीं महिलाएं भी थी। चर्चा के मुताबिक शाइस्ता परवीन ने असद की कब्र पर फूल भी चढ़ाए और कब्र से लिपटकर रोती रही। यह वाकया भोर का बताया जा रहा है।
अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन की तलाश में बुधवार को कौशांबी में छापेमारी की गई। कौशांबी में माफिया अतीक अहमद का जबर्दस्त प्रभाव माना जाता है। उसके कई करीबी गुर्गे कौशांबी में ही रहते हैं। साथ ही उसकी कई रिश्तेदारियां खालिद अजीम उर्फ अशरफ की ससुराराल भी कौशांबी में ही है। उमेश पाल की हत्या के बाद कौशांबी में अतीक अहमद के कई करीबियों को गिरफ्तार किया गया था और उनके घरों को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया था। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि शाइस्ता कौशांबी में ही अलग अलग लोगों के यहां कुछ-कुछ दिन रुक रही है। छापेमारी में पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
पुलिस को आशंका है कि शाइस्ता परवीन प्रयागराज में ही अपने किसी परिचित के यहां पनाह लिए हुए हैं। प्रयागराज में कई मुस्लिम बाहुल्य इलाके हैं जहां अतीक के परिवार का खासा दबदबा माना जाता है। साथ ही गंगा पार और यमुनापार के इलाकों में भी उसके तमाम जानने वाले हैं। माना जा रहा है कि वह जिले में ही कहीं छिपी है और लगातार ठिकाने बदल रही है। अतीक और अशरफ का शव दफनाने के दौरान भी भीड़ में बड़ी संख्या में बुर्कानशीं महिलाएं मौजूद थीं। माना जा रहा है उसमें शाइस्ता भी हो सकती है।