Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

विंध्याचल: परिवार के साथ गेस्ट हाउस में ठहरी श्रद्धालु महिला से छेड़खानी करने वाला गिरफ्तार

SV News

विंध्याचल दर्शन को आई थी महिला, पूजा कराने के नाम पर की छेड़खानी

विंध्याचल, मिर्जापुर (राजेश सिंह)। मंदिर दर्शन करने परिवार के साथ आयी एक श्रद्धालु महिला के साथ गेस्ट हाउस में ठहरने के दौरान हुई छेड़खानी के मामले से सम्बन्धित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। बता दें कि थाना विन्ध्याचल में बुधवार को मंदिर दर्शन करने परिवार के साथ एक श्रद्धालु आये थे जो राज पण्डा गेस्ट हाउस में रूके थे। उनके द्वारा नामजद अभियुक्त के विरूद्ध उनकी पुत्र वधू के साथ छेड़खानी करने के सम्बन्ध में थाना विन्ध्याचल में तहरीर दी गई। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना विन्ध्याचल पुलिस द्वारा मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना प्रारम्भ की गयी। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा द्वारा महिला अपराध से सम्बन्धित उक्त घटना को गंभीरता पूर्वक लेते हुए यथाशीघ्र घटना से सम्बन्धित अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक विन्ध्याचल को निर्देशित किया गया। उक्त निर्देश के अनुक्रम में गुरुवार को प्रभारी निरीक्षक विन्ध्याचल अतुल कुमार राय ने पुलिस बल द्वारा थाना विन्ध्याचल क्षेत्र से अभियुक्त प्राण राज मिश्रा उर्फ राज मिश्रा पुत्र राजा मिश्रा निवासी ग्राम घमहापुर थाना विन्ध्याचल जनपद मिर्जापुर को गिरफ्तार किया गया। एसपी मिर्जापुर संतोष कुमार मिश्रा का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए जेल भेजा गया।


ज्ञात हो कि अलीगढ़ से एक परिवार सोमवार को वाराणसी घूमने आया। वहां से मंगलवार को दोपहर बाद तीन बजे विंध्याचल पहुंचा। परिवार के लोगों ने मां विंध्यवासिनी, मां अष्टभुजा और मां काली खोह के दर्शन किए। परिवार के एक व्यक्ति ने बताया कि इसके बाद वे बुधवार को विंध्याचल पहुंचे तो परिचित राज पंडा मिल गया। उनसे उन्होंने कहा कि पत्नी के साथ पूजा करानी है। इस पर वह पंडा अपने गेस्ट हाउस पर ले गया। गेस्ट हाउस पर बाहर शोर हो रहा था। इस पर पंडा ने कहा कि कमरे में पूजा करा दें। उन्होंने सहमति जताई तो कमरे में ले गया। पत्नी से पूजा कराने के बाद कहा कि बहू से पूजा करा दें। इसके बाद बहू को कमरे में ले गया और दरवाजे में कुंडी लगा दी। आरोप लगाया कि राज मिश्रा ने कमरे में बहू के साथ छेड़खानी की। बहू रोने लगी। इस पर पंडा माफी मांगने लगा।
उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। फिर पुलिस जांच करने पहुंची। मौके पर एएसपी सिटी श्रीकांत प्रजापति, सीओ सिटी परमानंद कुशवाहा पहुंचे। एएसपी सिटी श्रीकांत प्रजापति ने बताया कि अलीगढ़ से एक परिवार दर्शन करने आया था। परिवार के लोगों ने आरोप लगाया कि उनकी बहू के साथ गेस्ट हाउस के मालिक राज मिश्रा उर्फ राज पंडा ने छेड़खानी की है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
छेड़खानी करने का आरोपी राज पंडा अधिकारियों का करीबी है। पंडा खुद को प्रशासनिक पंडा बताता है। जिले के अलावा अन्य स्थानों से आने वाले अधिकारियों को दर्शन-पूजन कराने का कार्य करता है। अधिकारी अथवा उनके परिजन उसके गेस्ट हाउस पर ही ठहरते हैं। दो वर्ष पहले ही राज पंडा ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। उधर, छेड़खानी की घटना के बाद आरोपी व कई अन्य लोग पीड़ित परिवार को मनाने में जुट गए। यह सिलसिला विंध्याचल कोतवाली तक चलता रहा। लेकिन पीड़ित परिवार मुकदमा दर्ज कराने के लिए अड़ा रहा। मौके पर सीओ और एएसपी सिटी पहुंचे। लेकिन परिवार केवल मुकदमा और न्याय की बात करता रहा। अंत में एसपी मिर्जापुर संतोष कुमार मिश्रा के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया और 24 घंटे के अंदर गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad