प्रयागराज (राजेश सिंह)। समाजवादी पार्टी किन्नर सभा की प्रदेश अध्यक्ष पायल सिंह किन्नर ने रविवार को जिला कार्यालय जार्ज टाउन में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई चरम पर है। रोजगार के साधन गायब हैं। नौकरियां मिल नहीं रही हैं। छोटे मोटे रोजगार कर जीवन यापन करने वाले बेहाल हैं। जो समाज मुझ जैसे किन्नर समाज को भरपूर दान देता रहा है, महंगाई के चलते आज खुद मजबूर हो चुका है। वह खुद भिखारी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किन्नरों को मतदाता सूची में नाम डालने का काम बेहद पिछड़ा हुआ है। भाजपा दावा तो बहुत करती है, लेकिन प्रदेश में हजारों की संख्या में किन्नरों के नाम अभी तक मतदाता सूची में नहीं डाले गए हैं।
पायल ने दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में किन्नर समाज पूरी तरह से समाजवादी पार्टी के साथ रहेगा। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को बड़े दिल वाला नेता बताते हुए कहा कि वह किन्नर समाज के लोगों को सर्वाधिक सम्मान देते हैं। उन्होंने प्रयागराज सहित पूरे प्रदेश में शीघ्र ही किन्नर सभा का विस्तार कर पार्टी की नीतियों को जनता के बीच प्रचार प्रसार करने की भी बात की। पायल सिंह किन्नर खुद एक एनजीओ चलाती हैं और आज प्रतापपुर क्षेत्र के सौंरा गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में सैकड़ो की संख्या में जरूरतमंदों को वस्त्र एवं कंबल आदि वितरण किया। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष गंगापार अनिल यादव, रविन्द्र यादव, राम अवध पाल, आरएन यादव, दान बहादुर मधुर, डॉ आकाश यादव, नाटे चौधरी, असगर अली अंसारी, डॉ सरताज आलम, डॉ जमील अहमद, संतोष यादव, शिव शंकर यादव, राम अवध पाल, संदीप कटका, मेहरबान सिंह, श्याम सूरत सरोज, राकेश सिंह, मुलायम यादव, अतर सिंह यादव, भोला यादव, नीरज यादव, आदि मौजूद रहे।