प्रयागराज (राजेश सिंह)। हंडिया में रील बनाने के लिए जानलेवा स्टंट करना यू-ट्यूबर सुमित कुमार दुबे को महंगा पड़ा। बाइक में आग लगाने व युवक को दरवाजे से लटकाकर कार दौड़ाते हुए रील बनाने पर एक दिन पहले दर्ज मुकदमे में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, बाद में उसे मुचलके पर छोड़ दिया गया। वहीं, घटना में प्रयुक्त की गई उसकी महिंद्रा एसयूवी कार भी सीज कर दी गई।
इस मामले में तब हड़कंप मचा था, जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह रील वायरल हुई। पुलिस ने शुक्रवार को सुमित पुत्र दिनेश दुबे निवासी बढ़ौली दुमदुमा, सैदाबाद थाना हंडिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी और शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही उसकी महिंद्रा कार भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सीज कर दी गई। एसीपी हंडिया पंकज लवानिया ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जमानती धाराएं होने के कारण उसका शांतिभंग में चालान किया गया है। मामले में पुलिस खुद वादी बनी है। हंडिया थाने के कांस्टेबल शिवम यादव की तहरीर पर रील बनाने वाले सुमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
यू-ट्यूबर सुमित दुबे का नाम पिछले साल दुष्कर्म, मारपीट व धमकी देेने के मामले में भी सामने आया था। उसके साथ रील बनाने वाली अल्लापुर निवासी बीएड की छात्रा ने ही आरोप लगाया था कि उसे वाराणसी में एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। इससे पहले कार में पिस्टल सटाकर धमकाया गया। छात्रा की तहरीर पर जार्जटाउन थाने में केस दर्ज हुआ। हालांकि, बाद में पीड़िता बयान से मुकर गई, जिस पर मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगा दी गई थी।