प्रयागराज (राजेश सिंह)। शहर के बैरहना स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन के भंडारण में सोमवार दोपहर आग लग गई। इसमें गद्दे और फर्नीचर रखे थे। आग की लपटें उठीं तो सत्संग भवन में मौजूद कर्मचारियों के साथ ही आसपास रहने वाले लोगों में खलबली मच गई। कुछ देर में ही मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों ने करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसमें करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
संत निरंकारी सत्संग भवन के भंडारण के पास गड्ढा खोदकर उसमें कूड़ा फेंका गया था। इसे नष्ट करने के लिए आग लगाई गई। उस समय तेज हवा चल रही थी। हवा के कारण चिंगारी भंडारण में पहुंच गई और उसमें रखे गद्दे और फर्नीचर जलने लगे।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ आर के पाण्डेय का कहना है कि आग पर काबू पा लिया गया है। सत्संग भवन के कर्मचारियों को हिदायत दी गई है कि आगे से वह परिसर में कूड़ा नहीं जलाएंगे।