प्रयागराज (राजेश सिंह)। शहर के बहादुरगंज इलाके में कई दिनों से जल संकट बना हुआ है। डिब्बा और बाल्टी लेकर लोग पानी के लिए भटकने के लिए मजबूर हैं। इसी मुहल्ले में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी का भी आवास है। कांग्रेसजनों ने जलसंकट को लेकर मंत्री पर भी तंज कसा है।
कांग्रेस नेता इरशाद उल्ला ने कहा उत्तर प्रदेश सरकार ने इलाहाबाद को स्मार्ट सिटी घोषित कर रखा है। पुराने मोहल्ले बहादुरगंज में 15 दिनों से पानी नहीं आ रहा है। यहां के लोग पानी के लिए बहुत परेशान हो रहे हैं। इस भीषण गर्मी में पानी का ना आना और लोगों को पानी के लिए परेशान होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नगर निगम, जल संस्थान, नगर आयुक्त और मेयर लोगों की समस्या सुनने के लिए तैयार नहीं हैं।
महिलाएं बाल्टी लेकर दूर दूर से पानी लेकर आ रही हैं। जलसंस्थान में शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इरशाद उल्लाह के साथ असद जिया, साइना,अरजुमन, नस्शो ,सकीना, तबस्सुम, चांद, चुनने, कलीम, अजीज, असलम, फुल, गनी, पीरु, बाबूलाल, अतिमा आदि ने नगर निगम की लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की।