Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज: फूलपुर उपचुनाव में चुनाव प्रचार को धार देने आएंगे योगी और अखिलेश

SV News

प्रत्याशी तय होने के बाद अब प्रचार की तैयारी

प्रयागराज (राजेश सिंह)। फूलपुर विधानसभा उपचुनाव के नामांकन प्रक्रिया हो जाने के बाद अब सपा, बसपा एवं भाजपा ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। सपा और भाजपा ने इस चुनाव में अपने प्रत्याशियों के समर्थन में बड़े स्टार प्रचारकों की चुनावी सभा करवाए जाने की तैयारी की है। बताया जा रहा है कि दिवाली बाद सीएम योगी आदित्यनाथ एवं सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव यहां चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए आएंगे।
फूलपुर उपचुनाव में नामांकन प्रक्रिया खत्म होने के बाद सभी प्रमुख दलों के प्रत्याशी प्रचार और चुनावी जीत की गणित भिड़ाने में जुट गए हैं। हालांकि उपचुनाव की घोषणा के बाद से ही राजनीतिक पार्टियां सक्रिय हो गईं थी, लेकिन प्रत्याशियों के चेहरे सामने आने के बाद अब इस विधानसभा क्षेत्र में गहमागहमी बढ़ गई है। भाजपा की ओर से रविवार को फूलपुर विधानसभा में कई स्थानों पर पीएम मोदी के मन की बात लोगों को सुनवाने का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा ने अपना युुवा मोर्चा भी क्षेत्र में सक्रिय कर दिया है।
सपा ने भी अपने कई युवा नेताओं को मैदान में उतार दिया है। संदीप यादव जो वर्ष 2022 में शहर उत्तरी विधानसभा से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं उन्हें सपा प्रदेश अध्यक्ष ने तत्काल प्रभाव से फूलपुर में प्रचार के लिए जाने को कहा है। इसी तरह लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव तारिक अनवर को पार्टी ने सेक्टर 28 कोहना का प्रभारी बनाकर भेजा है। इस बीच दिवाली बाद भाजपा और सपा अपने स्टार प्रचारकों को बुलाने की तैयारी में जुटी है।
भाजपा की तैयारी है कि चुनाव के पूर्व सीएम योगी की दो चुनावी सभाएं करवाई जाएं। इसी तरह सपा की ओर से भी पूर्व सीएम अखिलेश यादव से विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा कराए जाने का आग्रह किया गया है। मीडिया प्रभारी दान बहादुर मधुर ने कहा कि प्रयास किया जा रहा है कि दिवाली बार सपा प्रमुख की फूलपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा आयोजित करवा दी जाए। इसी तरह भाजपा मीडिया प्रभारी राजेश ने बताया कि सीएम योगी हमारे नेता है। वह यहां जरूर आएंगे। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए आएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad