नैनी में पांच किलोमीटर तक लगी वाहनों की कतार
प्रयागराज (राजेश सिंह)। तीन दिन राहत के बाद शुक्रवार को शहर फिर जाम की चपेट में आ गया। शहर के बालसन, एएन झा मार्ग सहित नया यमुना ब्रिज से लेकर सेंट्रल जेल नैनी तक लंबा जाम लगा हुआ है। दोपहर 12 बजे मिर्जापुर रोड पर पांच किलोमीटर लंबा जाम रहा। वाहन रेंगते नजर आए। डेढ़ किलोमीटर लंबा नया यमुना ब्रिज पार करने में दो घंटे से अधिक समय लग रहा है।
माघी पूर्णिमा बीतने के बाद उम्मीद थी कि भीड़ का दबाव कम होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। लगातार भीड़ बढ़ने के बाद शहर फिर जाम की चपेट में आ गया है। सिविल लाइंस से मेला क्षेत्र जाने वाले मार्ग पर कई जगह जाम की स्थिति बनी है। इसी तरह झूंसी, नैनी और फाफामऊ इलाके में कई किलोमीटर जाम लगा हुआ है। स्थिति यह है कि पार्किंग में वाहन खड़ा करने का स्थान भी कम बचा है। कई घंटे तक वाहनों के रेंगने के चलते उसमें बैठे श्रद्धालुओं की हालत खस्ता हो गई है।
शुक्रवार को सुबह दस बजे से ही नैनी में मिर्जापुर रोड पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। सड़क के दोनों लेन पर वाहन रेंगते नजर आए।
शहर की ओर से मेले में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्ग पुराने हर्षवर्धन चौराहे के पास अलोपीबाग चुंगी ओवरब्रिज के नीचे वाहनों की लंबी कतार लगी है।
जाम में चपेट में आने से लोगों को संगम पहुंचने में कई घंटे लग रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस के सिपाही तैनात हैं लेकिन वाहनों के भारी दबाव के आगे वह बेबस दिख रहे हैं।
दूसरे प्रदेशों बिहार, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र से प्रयागराज पहुंचकर श्रद्धालु जाम में घंटों फंसते जा रहे हैं। मध्य प्रदेश के रीवां से आए विक्रम प्रसाद ने बताया कि वह सुबह छह बजे ही नैनी स्टेशन पर पहुंच गए थे, लेकिन दोपहर 12 बजे तक संगम नहीं पहुंच पाए हैं। जितनी देर रीवां से प्रयागराज आने में लगा उससे ज्यादा समय नैनी से संगम पहुंचने में लग रहा है।