मिर्जापुर (रविन्द्र कुमार जायसवाल)। भाजपा जिलाध्यक्ष पद के लिए चल रही कवायद में जातीय समीकरण और महिला प्रतिनिधित्व को विशेष महत्व दिया जा रहा है। पार्टी ने जिले से करीब 50 नामों की सूची तैयार की थी, जिसे पहले 10 और अब 3 नामों तक सीमित कर दिया गया है। विंध्याचल मंडल की कमिश्नरी के तहत डबल आरक्षण को ध्यान में रखते हुए चयन प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
महिला उम्मीदवारों में अहरौरा नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष निर्मला आनंद का नाम चर्चा में है। इसके अलावा, भदोही और सोनभद्र के जातीय समीकरण भी इस दौड़ में अहम भूमिका निभा रहे हैं। दावेदारों में ब्राह्मण वर्ग से धनंजय पांडेय, दिनेश तिवारी और रवि पांडेय शामिल हैं, जबकि वैश्य समुदाय से चंद्रांशु गोयल और ओबीसी वर्ग से मनोज जायसवाल व उत्तर मौर्या ने भी अपनी दावेदारी पेश की है। कुछ उम्मीदवारों की उम्र पात्रता के कारण दावेदारी कमजोर हुई है।वर्तमान जिलाध्यक्ष बृज भूषण सिंह तीन कार्यकाल से इस पद पर काबिज हैं। अब संगठन की कसौटियों पर खरा उतरने वाले नए चेहरे को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, अंतिम सूची में किसी नए नाम के शामिल होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं में इस फैसले को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।