मीरजापुर (रविन्द्र कुमार जायसवाल)। अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष ई. राम लौटन बिंद के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने छानबें विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बरईबारी, जनपद मीरजापुर में मान्यवर कांशीराम साहब का 91वां जयंती दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्री बिंद सहित अन्य पदाधिकारियों ने मान्यवर कांशीराम जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें शत-शत नमन किया।जिलाध्यक्ष ई. राम लौटन बिंद ने कहा कि मान्यवर कांशीराम साहब का जीवन संघर्ष सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन के लिए समर्पित था। उनका लक्ष्य एक ऐसा समाज स्थापित करना था जो समता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व पर आधारित हो। उन्होंने सत्ता को अपने लक्ष्यों की प्राप्ति का साधन माना और मंडल आयोग की रिपोर्ट लागू कराने के लिए अथक प्रयास किए। श्री बिंद ने बताया कि कांशीराम जी के प्रयासों से ही बसपा ने संसद में यह मुद्दा उठाया और तत्कालीन प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह पर दबाव बनाकर मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू करवाया।
मान्यवर कांशीराम का जन्म 15 मार्च 1934 को पंजाब के रोपड़ जिले के ख्वासपुर गांव में एक दलित परिवार में हुआ था। उनके पिता हरि सिंह और माता बिशन कौर सिख धर्म के रैदसिया समुदाय से थे। विज्ञान स्नातक की शिक्षा प्राप्त करने वाले कांशीराम भारतीय राजनीति और समाज सुधार के क्षेत्र में एक महान क्रांतिकारी व्यक्तित्व थे।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनिल सिंह पगड़ी, इंद्रेश बहादुर सिंह, संजय उपाध्याय, कुलदीप पटेल, विधानसभा अध्यक्ष उमाशंकर सोनी, उमेश सिंह, अर्जुन सोनकर, भानु बिंद, जोन अध्यक्ष अवधेश पाल, उमाकांत यादव सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला मीडिया प्रभारी शंकर सिंह चौहान ने यह जानकारी दी।