Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

यूपी के कई जिलों में बदला मौसमः सहारनपुर में ओले गिरे, चलीं तेज हवाए

sv news

सहारनपुर। जिले में मौसम के रंग बदलते ही सर्दी एक बार फिर से अहसास कराने लगी है। तेज सर्द हवाओं के चलने से सर्दी बढ़ी है, दो दिनों से घने बादलों से थम थम कर हो रही वर्षा के दौर के बीच शुक्रवार की देर शाम मूसलाधार वर्षा के साथ ही ओले पड़ने से किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें खिंच गई। मौसम वैज्ञानिक अभी भी सर्द हवाओं में तेजी के साथ ही शनिवार को भी ओलावृष्टि की संभावना जता रहे है।

विगत करीब एक सप्ताह की तरह ही शुक्रवार की सुबह घने काले बादलों के छाने से हुई तथा अल सुबह तेज हवाओं के साथ वर्षा की रिमझिम का सिलसिला दोपहर करीब 11.30 बजे तक जारी रहा, बाद में बादल फटा तथा कुछ क्षेत्रों में धूप निकल आई लेकिन बादलों की आवाजाही के बीच धूप छांव का खेल जारी रहा।

दोपहर तीन बजे से पूर्व ही आसमान पर फिर से काले घने बादल छा गए तथा नाम मात्र की छींटा छांटी शुरू हो गई। यही नहीं वर्षा के दौरान से 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने सर्दी का अहसास कराने में कसर नहीं छोड़ी। शाम करीब सात बजे के करीब अचानक हवाओं ने जोर पकड़ा तथा देखते ही देखते वर्षा के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई जोकि आधे घंटे तक जारी रही।

मुजफ्फरनगरः गुरुवार से थम-थम कर हल्की फुहार पड़ने से मौसम में ठंडक बढ़ गई। गुरुवार मध्य रात्रि को मध्यम गति की बरसात हुई, जबकि शुक्रवार को रिमझिम फुहार बरसी। जिससे तापमान की चाल बदल गई। हालांकि अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। जनपद में 7.6 मिलीमीटर बरसात रिकार्ड हुई। बूंदाबांदी से सरसों की फसल को नुकसान पहुंच सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, अलीगढ़, बुलंदशहर, जी. बी. नगर, सहारनपुर, शामली में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है।

सुबह बरसात, दोपहर में धूप...लगातार पलटी मार रहा मौसम

शामलीः मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी बरसात हुई। सुबह झमाझम पानी बरसात तो दोपहर होते-होते सूरज की गर्मी से भी लोग रूबरू हुए। बीच-बीच में बादल आते रहे, और सूरज उनकी ओट में छिपते रहे। वर्षा की वजह से फसलों को लाभ होने की बात कही जा रही है।

क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक?

मौसम वेधशाला के प्रभारी राजकीय अमीर आलम ने बताया कि पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी व वर्षा का असर मैदानी इलाकों पर पड़ा है, जिसके कारण सर्दी कुछ बढ़ी है। अगले 24 घंटे के दौरान शनिवार को भी तेज हवाओं के साथ मध्यम वर्षा व ओला पड़ने के आसार हैं, उसके बाद पूरे क्षेत्र में मौसम साफ रहने की संभावना है।

ओले से फसलों को नुकसान

कृषि वैज्ञानिक डॉ. आईके कुशवाहा के अनुसार ओले से फसलों को भारी नुकसान की संभावना है। ओले से सरसों, धान की फसल खराब होने के साथ ही गेहूं जिसमें बाली आ रही हो उसका दाना काला पड़ने की आशंका है। ओले से आम का बोर गिरने से फसल को नुकसान होगा तथा सब्जियों में मटर, टमाटर के अलावा जो भी फल या फली वाली सब्जियां है उनको नुकसान पहुंचेगा।

कीचड़ व फिसलन बनी परेशानी

सहारनपुर में थम-थमकर हो रही वर्षा से अनेक स्थानों पर कीचड़ व फिसलन होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खासकर शारदा नगर, खलासी लाइन, एकता कॉलोनी, वर्धमान कॉलोनी, पुरानी मंडी, पुलिस लाइन मार्ग, मंडी समिति रोड, मेला गुघाल परिसर में कीचड़ व फिसलन परेशानी बनी है। बच्चे भी कीचड़ व फिसलन के बीच भीगते हुए स्कूल पहुंचे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad