मिर्जापुर (राजेश सिंह)। पथरहिया स्थित मंडलायुक्त कार्यालय के सभागार में सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संयुक्त बाढ़ नियंत्रण समिति की अंतरराज्यीय बैठक हुई। मध्य प्रदेश के रीवा मंडल और प्रदेश के विंध्याचल मंडल के प्रशासनिक, पुलिस और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। मध्य प्रदेश के अधिकारियों ने कहा कि मेजा और अदवा बांध से 80,000 क्यूसेक से अधिक पानी एक साथ न छोड़ें। जिस पर उत्तर प्रदेश के अधिकारियों ने उन्हें इसका आश्वासन दिया।
बैठक में जिले के अदवा, सिरसी और मेजा जलाशय से वर्षाकाल में पानी छोड़े जाने पर टोंस और बेलन नदी के संगम स्थल पर स्थित रीवा जिले के त्योथर तहसील के कई क्षेत्र प्रभावित होते हैं। अधिकारियों ने कहा कि पानी छोड़ने से पहले मध्य प्रदेश के अधिकारियों को सूचित किया जाएगा। मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल बालकृष्ण त्रिपाठी ने कहा कि वर्षा और बाढ़ तथा बांध से छोड़े वाले पानी के विषय में सूचनाओं के अदान-प्रदान के लिए वायरलेस, दूरभाष और व्हाट्एस एप 15 जून से पूर्व सक्रिय कर लिया जाय। इससे कि त्वरित गति से बाढ़ से संबंधित सूचनाओं का आदान-प्रदान हो सके। साथ ही सभी वर्षा मापी यंत्रों को कार्यशील किए जाने के लिए कहा गया।