प्रयागराज (राजेश सिंह)। श्रीमनकामेश्वर व ऋणमुक्तेश्वर महादेव का अभिषेक करने को सख्त नियम बनाया गया है। श्रावण मास के अनुष्ठानों को लेकर समीक्षा बैठक की गई। इसमें बाकायदा नियमों पर मुहर लगाई गई।
श्रावण पर्व की तैयारियों को लेकर मंगलवार को श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर में पुजारियों की समीक्षा बैठक हुई। सनातन परंपरा और वैदिक नियम को ध्यान में रखते हुए रुद्राभिषेक करने व कराने वालों को धोती पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना धोती पहने कोई पुरुष शिवलिंग को स्पर्श नहीं कर पाएगा। महिलाओं के लिए धोती, साड़ी पहनना अनिवार्य रहेगा।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे मंदिर के महंत श्रीधरानंद ब्रह्मचारी ने कहा कि पैंट, जींस, टी-शर्ट व शर्ट पहनकर श्री मनकामेश्वर और ऋणमुक्तेश्वर महादेव का अभिषेक करने की अनुमति किसी को नहीं मिलेगी। अनुष्ठान कराने वाले पुजारियों को धोती और कुर्ता पहनना अनिवार्य होगा। पूजन के दौरान पुजारियों को पान, गुटखा, तंबाकू का सेवन करना वर्जित रहेगा, क्योंकि इससे मंत्रोच्चार ठीक से नहीं होता। पूजन में शुद्धता नहीं आती।
इस नियम का पालन न करने वाले पुजारी को पहले एक माह के लिए मंदिर से निष्कासित किया जाएगा। प्रायश्चित करने पर एक मौका दिया जाएगा। दोबारा पूजन के दौरान पान, गुटखा व सुर्ती खाते पकड़े जाने पर हमेशा के लिए मंदिर से निष्कासित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में पूजन और अनुष्ठान के शास्त्रों में नियम व निर्देश बनाए गए हैं। हर सनातन धर्मावलंबी को उसका पालन करना चाहिए। नियम का पालन किए बिन कराए गए अनुष्ठान का फल नहीं मिलता। संचालन आचार्य विद्याकांत पांडेय ने किया।बैठक में पं.रामचंद्र शुक्ल, श्रीराम द्विवेदी, भीम पाठक, कमलेश द्विवेदी, रमेश पांडेय, दिलीप तिवारी, उदित त्रिपाठी, सुशील त्रिपाठी, आयुष तिवारी आदि पुजारी मौजूद रहे।